सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कहा कि जब तक मंदूरी हवाई अड्डे का विस्तार नहीं होगा, तब तक उड़ान संभव नही। बताया कि कोई भी एयरलाइंस कंपनी हवाई अड्डे के वर्तमान स्वरूप पर उड़ान शुरू करने को तैयार नहीं है।सांसद ने बताया कि मुख्यमंत्री ने आजमगढ़ से उड़ान शुरू कराने के लिए सभी एयरलाइंस कंपनियों से बातचीत करने के लिए कहा था। बातचीत की गई। लेकिन कोई कंपनी तैयार नहीं हो रही है। कंपनियों के प्रतिनिधियों कहा कहना है कि जब तक आजमगढ़ से दुबई के साथ ही मुंबई, बंगलूरू जैसे शहरों के लिए फ्लाइट नहीं शुरू होगी, तब तक यहां से उड़ान संभव नहीं है। ऐसे में हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देने के लिए विकसित करना जरूरी है। कहा कि सरकार मंदूरी हवाई अड्डे को विकसित करना चाहती है। लेकिन यहां के लोग जमीन देने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि यहां पर दस महिलाओं और दस किसानों को खड़ा कर हवाई अड्डे के विस्तारीकरण योजना का विरोध कराया जा रहा है। जबकि सरकार इनको जमीन का चार गुना दाम दे रही है। किसानों को गुमराह कर कुछ राजनीतिक दल जमीन नहीं देने दे रहे हैं। सांसद ने किसानों से अपील की कि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनने दें। विरोध की राजनीति करने वालों के चंगुल से बाहर निकलें।