जिला अस्पताल में अब ब्रेन के जांच की सुविधा भी शुरू होने वाली है। इसके लिए शासन से ईईजी मशीन मिल गई है तो वहीं सांसद निधि से हेल्थ एटीएम भी प्राप्त हो गया है। जल्द ही दोनों को लगाया जाएगा। ईईजी मशीन के इंस्टालेशन की कवायद शुरू कर दी गई है।
एसआईसी डॉ. रीता दुबे ने बताया कि जिस तरह हर्ट की जांच के लिए ईसीजी मशीन होती है। ठीक उसी तरह ब्रेन की जांच के लिए ईईजी (इलेक्ट्रो इन्पसेफलो ग्राम) मशीन होती है। इसके माध्यम से ब्रेन में होने वाली बीमारियों की जांच की जाती है। जैसे दौरा पड़ना, झटका आना, सिर में चोट लगने पर किस हिस्से को नुकसान पहुंचा, सिर दर्द, यादाश्त का काम होना आदि की जांच की जाती है।
शासन से मशीन उपलब्ध हो गई है और इसे इंस्टाल कराने की कवायद भी शुरू हो गई है। एसआईसी ने बताया कि सांसद निधि से जिला अस्पताल को हेल्थ एटीएम भी प्राप्त हो गया है। जिसे इंस्टाल कराने के लिए जगह की तलाश की जा रही है। जगह चिन्हित होते ही इसका भी इंस्टालेशन करा दिया जाएगा।