सिधारी थाना क्षेत्र के पल्हनी गांव में बृहस्पतिवार की सुबह बरसात के पानी को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। घटना की जानकारी होने पर सिधारी पुलिस मौके पर पहुंची और चार लोगों को गिरफ्तार कर थाने लाई। जहां से सभी का 151 में चालान कर तहसील भेज दिया। जहां उन्हें एसडीएम के समक्ष प्रस्तुत किया जाना था। इसके पहले ही कुछ लोग गाड़ी से पहुंचे और एक व्यक्ति को पीटने लगे। इस घटना से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। मौके पर सिधारी पुलिस भी पहुंच गई। एसओ सिधारी दिनेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों में पानी के निकास को लेकर विवाद हुआ था। सभी का 151 में चालान कर तहसील भेजा गया था जहां भी यह दोनों भिड़ गए। अब सिविललाइन चौकी इंचार्ज चाहे तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करें।