महरागंज। थाना क्षेत्र के नौबरार देवारा जदीद किता दोयम पटेल नगर चौक के पास रविवार की सुबह आंवले के पेड़ पर बीए के छात्र का शव लटकता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची महराजगंज थाने की पुलिस ने शव की पहचान कन्हैया वर्मा (21) निवासी नौबरार देवारा जदीद किता दोयम थाना महराजगंज के रूप में की। इसके बाद पुलिस शव को पेड़ से उतरवार पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नौबरार देवार जदीद किता दोयम गांव में ग्रामीण रविवार की सुबह खेत की ओर जा रहे थे। इस बीच पटेल नगर चौक के पास आंवला के पेड़ पर गमछे के सहारे युवक का शव लटकता देखकर वे सहम गए। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर महराजगंज थाने की पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक कन्हैया दो भाइयों में बड़ा था। वह क्षेत्र के एक कॉलेज में बीए थर्ड ईयर का छात्र था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।