मुबारकपुर थाना क्षेत्र के डिलिया गांव के पास शनिवार सुबह तमसा नदी में पियरोपुर गांव निवासी रामकरन राम (49) का शव उतराया मिला। पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया।
परिजन के अनुसार, राम करन शहर में रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। बृहस्पतिवार की शाम करीब आठ बजे वह शहर से घर नहीं लौटा।
काफी तलाश करने के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चला तो परिजनों ने शहर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
इसके बाद से परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। शनिवार सुबह ओझौली घाट के पास तमसा नदी में स्थानीय लोगों ने शव उतराया देखा।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया।
बाद में परिजनों ने शव की पहचान राम करन राम के रूप में की। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक शशि चंद चौधरी ने बताया कि डिलिया गांव के पास तमसा नदी में एक व्यक्ति का शव मिला है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया है। मृतक के परिवार में एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं।