आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के समाैदी तिराहा पर चाय नाश्ता के बाद पैसे नहीं देने और दुकानदार से मारपीट के बाद तहरीर में पुलिस द्वारा दबाव देने का आरोप लगाया। इसके बाद दुकानदार के समर्थन में सैकड़ों लोग चक्का जामकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। चक्का जाम कर रहे लोगों का आरोप है कि पुलिस ने तहरीर में बदलाव करने का दबाव बनाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त कराया।
जानकारी मुताबिक मुबारकपुर थाना क्षेत्र के समौधी तिराहा निवासी अतुल मद्धेशिया पुत्र लालबिहारी मद्धेशिया की चाय नाश्ता की दुकान है। वह सोमवार की दोपहर करीब दो बजे दुकान पर माैजूद थे। तभी इश्लामपुरा के रहने वाले कुछ युवक वहां आए और चाय व पकौड़ी खाकर बिना पैसे दिए चले गए। इस बीच कुछ कहासुनी भी हुई।
इसके आधा घंटा बाद करीब 10 की संख्या में लोग पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। लालबिहारी अपने कुछ लोगों साथ मुबारकपुर थाने पर पहुंचे और युवकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी। लालबिहारी मद्धेशिया का आरोप है कि पुलिस द्वारा तहरीर में बदलाव करने का दबाव बनाया जा रहा है। इसे लेकर लालबिहारी व उसके लोगों ने शाम करीब सात बजे विरोध प्रदर्शन करने लगे। देखते ही देखते सड़क जाम हो गई। जाम की सूचना मिलते ही मुबारकपुर थाना प्रभारी निहार नंदन मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। उनके समझाने के बाद समर्थकों ने करीब एक घंटा बाद जाम को समाप्त किया।