निजामाबाद। तहसील दिवस पर शनिवार को शिवरामपुर ग्राम सभा के रहने वाले सूर्यभान यादव ने प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि परिवार में हम सभी भाई एक साथ रहते हैं। मेरे नाम से आज तक विद्युत निगम में कनेक्शन के लिए कोई आवेदन नहीं है फिर भी हमें 22500 रुपये का बिल भेज दिया है।
सूर्यभान ने बताया कि मैंने विद्युत निगम से कनेक्शन के लिए कभी बात भी नहीं की और न ही कभी कनेक्शन लिया। कुछ वर्ष पहले विभाग के कर्मचारियों द्वारा मेरे घर के अंदर विद्युत मीटर लगा दिया गया। जिसकी जानकारी हमने अधिकारियों को दी लेकिन अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। वह मीटर उसी तरह से बिना कनेक्शन का लगा रहा। इसके बाद अचानक दो दिन पहले विद्युत विभाग के कुछ कर्मचारियों के साथ टीम घर पर पहुंची। टीम ने 22500 के विद्युत कनेक्शन का बिल होने की सूचना दी।
जब उसने विद्युत विभाग के कर्मचारियों को बताया कि उन्होंने कभी कोई आवेदन नहीं किया और कहीं भी कोई तार कनेक्शन घर में नहीं है लेकिन उसकी एक बात भी नहीं सुनी गई। तब उसने आज निजामाबाद तहसील में समाधान दिवस पर पहुंचकर प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। इस संबंध में विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि यह जांच का विषय है। प्रार्थना पत्र हमारे पास आएगा तो हम पीड़ित परिवार के घर जाकर जांच करेंगे और जांच के बाद ही कुछ बता पाएंगे कि पीड़ित के पास कनेक्शन है कि नहीं।