ठेकमा। बरदह थाना क्षेत्र के जिवली बाजार के पास दिन में करीब 11.30 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने एक युवक को गोली मार उसे घायल कर लूट लिए। घायल युवक गौरा बादशाहपुर थाने की पुलिस को लेकर घटनास्थल पर पहुंचा। जहां मामला सीमा विवाद में उलझ गया। बरदह थाना व गौरा बादशाहपुर थाने की पुलिस के बीच घंटों बातचीत का दौर जारी रहा। सूचना पर सीओ लालगंज पहुंचे और लेखपाल को बुलाकर सीमा की मापी कराई गई तो घटना स्थल बरदह थाना क्षेत्र में आया। घंटों हुई पंचायत के बाद बरदह थाने की पुलिस कार्रवाई में जुटी लेकिन तब तक लूटेरे बहुत दूर निकल चुके थे। जौनपुर जनपद के गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के चौकी गांव निवासी जगदीश यादव पुत्र शिवधर का मकान आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के जिवली बाजार में है। वह शनिवार को दिन में करीब 11.30 बजे घर जा रहा था। जैसे ही वह जिवली बाइपास पर पहुंचे तभी पीछे से आ रहे बाइकसवार दो बदमाशों ने उसपर तमंचे से फायर कर दिया। गोली उसके पैर में जा लगी। जिससे वह बाइक लेकर गिर पड़ा। बदमाशों ने तमंचे के बल पर उसकी सोने की चेन व गड़ी लूटकर फरार हो गए। घायल जगदीश अपनी बाइक लेकर अपने घर चौकी पहुंचा। जहां से प्राथमिक उपचार कराने के बाद अपने कुछ साथियों के साथ गौरा बादशाहपुर पहुंचा और आपबीती बताई। पुलिस उसे लेकर घटनास्थल पर पहुंची। वहां जाने के बाद पुलिस ने कहा मामला बरदह थाने का है। इसके बाद बरदह थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। दोनों के बीच सीमा विवाद को लेकर घंटों पंचायत होती रही। उधर लूट की सूचना पर सीओ लालगंज मनोज रघुवंशी भी मौके पर पहुंचे और गौरा बादहशापुर व बरदह के लेखपाल को बुलाया और मापी कराई। मापी होने पर पता चला कि घटनास्थल बरदह का है। इसके बाद बरदह थाने की पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई। उधर गोली लगने से घायल जगदीश को उपचार के लिए जौनपुर के पीएचसी चोरसंडी में भर्ती कराया गया।