जहानागंज। थाना क्षेत्र के शुम्भी गांव के पास बृहस्पतिवार की देर रात ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार महिला की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शहर कोतवाली के कोल बाजबहादुर गांव निवासिनी भानमति देवी (55) पत्नी कलादर यादव का जहानागंज थाना क्षेत्र के अकबेलपुर में खेत है। बृहस्पतिवार की सुबह वह अपने पुत्र विजय यादव के साथ बाइक से गेहूं कटवाने के लिए अकबेलपुर गई थी। रात आठ बजे के लगभग वह पुत्र के साथ बाइक से वापस घर लौट रही थी। अभी बाइक शुंभी बाजार में ही पहुंची थी कि ट्रक से टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक पर पीछे बैठी भानमति गिर कर गंभीर रुप से घायल हो गई। जबकि पुत्र विजय को मामूली चोट आई। आनन-फानन में घायल महिला को अस्पताल ले जाया जा रहा था कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर जहानागंज थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। घटना के बाद भाग रहे ट्रक का ग्रामीणों ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर चालक ट्रक छोड़ कर फरार हो गया। जिसे पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया है। घटना की सूचना मृतका के घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।