आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र के पल्थी बाजार के पास बुधवार की रात ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दीदारगंज थाना के बरौना गांव निवासी रामाश्रय माली बुधवार की सुबह बेटे के लिए लड़की देखने के लिए जौनपुर जिले के शाहगंज बाइक से गए थे। बहू पसंद कर बुधवार की देर रात वह घर वापस लौट रहे थे। अभी वे पल्थी बाजार के पास ही पहुंचे थे कि ट्रैक्टर-ट्राली ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में रामाश्रय गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मय वाहन मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची दीदारगंज थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।