आजमगढ़। बिलरियागंज थाना के जैगहा बाजार विंदवल मोड़ पर रविवार की रात ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। देवा विंदवल गांव निवासी रामप्रताप यादव (34) पुत्र फकीर यादव रविवार की रात लगभग नौ बजे बिलरियागंज बाजार से अपने घर जा रहे थे। अभी वह जैगहा बाजार के विंदवल मोड़ पर पहुंचे थे कि मिट्टी की ढुलाई में लगी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही बिलरियागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेज दिया। मृतक की पत्नी का भी एक साल पूर्व बीमारी से निधन हो गया था। मृतक दो पुत्रों के पिता थे। मां के बाद पिता की मौत से दोनों बच्चे अनाथ हो गए है। घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मय वाहन मौके से फरार हो गया। मृतक की माता राधिक देवी ने घटना के बाबत पुलिस को तहरीर दिया है।