मेंहनगर थाना क्षेत्र के जाफरपुर गांव के पास मंगलवार की रात माल वाहक ऑटो की चपेट में आकर बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी में हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। परिजन उसे राजकीय मेडिकल कालेज ले जा रहे थे किरास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बाबू की खजूरी गांव निवासी राजेश चौहान 25 की बहन मेंहनगर के प्राइवेट अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती थी। राजेश बहन व उसके साथ अस्पताल पर रुके लोगों के लिए भोजन लेकर बाइक से गया था। भोजन पहुंचने के बाद वह बाइक से वापस घर लौट रहा था। जाफरपुर गांव के पास माल वाहक ऑटो से बाइक की टक्कर हो गई। जिसमें राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहनगर ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख उसे रेफर कर दिया। परिजन उसे राजकीय मेडिकल कालेज चक्रपानपुर ले जा रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। राजेश चार भाई व तीन बहनों में चौथे नंबर पर था। घटना से परिजन बिलख उठे।