थाना क्षेत्र के भटौली गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास रविवार की रात ट्रक की चपेट आकर बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी रानीपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के समय युवक अपनी मौसी के घर से लौट रहा था।
अहरौला के युधिष्ठिरपट्टी गांव निवासी अभिषेक (23) रविवार को अपनी मौसी के घर गया हुआ था। रात साढ़े आठ बजे के लगभग वह वापस घर लौट रहा था। अभी वह भटौली गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास ही पहुंचा था कि ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। इस हादसे में अभिषेक गंभीर रुप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में एंबुलेंस बुला कर घायल को इलाज के लिए सीएचसी रानीपुर कोयलसा भेजा। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजन भी रात में ही पीएचसी रानीपुर पहुंच गए थे और शव को लेकर घर चले आए थे। सोमवार की सुबह परिजन शव लेकर अहरौला थाने पहुंचे। जहां से पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। मृतक तीन भाई बहन में दूसरे नंबर पर था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।