कप्तानगंज। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार से कुछ दूर पहले हाईवे तिराहा पर खड़े ट्रक में रविवार की रात एक युवक बाइक लेकर घुस गया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। परिजन व गांव के लोगों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हाईवे जाम कर दिया। अधिकारियों के आश्वास के बाद परिजनों ने जाम समाप्त किया। करीब दो घंटे बाद यातायात बहाल हो सका।
कंधरापुर थाना क्षेत्र पचखोरा गांव निवासी राजन पासवान (21) बाइक से रविवार की रात करीब आठ बजे घर से जेहरा पिपरी स्थित चाचा की चाय की दुकान पर जा रहा था। तेज रफ्तार होने के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क की पटरी पर खड़े ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। ड्राइवर ट्रक लेकर फरार हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को हाईवे पर रख कर जाम कर दिया। मौके पर पहुंची कई थानों की पुलिस ने ग्रामीणों को किसी तरह समझाकर जाम समाप्त कराया। जाम करीब दो घंटे तक लगा रहा। पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया। राजन मुंबई से चार दिन पूर्व आया था। वह तीन भाई, एक बहन में दूसरे नंबर पर था। पिता संजय पासवान ने थाने में अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।