आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र के सेहदा जंगल के पास शनिवार की सुबह ब्रेकर पर बाइक के उछलने से पीछे बैठी महिला गिर कर गंभीररुप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के समय मृतका भाई के साथ ससुराल से मायके आ रही थी। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पदुमपुर देवरिया गांव निवासिनी अनिता गुप्ता (40) पत्नी लाल बहादुर का मायका शहर कोतवाली के मुकेरीगंज मुहल्ले में है। शनिवार की सुबह वह अपने भाई के साथ बाइक पर बैठ कर मायके आने के लिए ससुराल से निकली। अभी बाइक सवार भाई-बहन कंधरापुर थाना क्षेत्र के सेहदा जंगल के पास ही पहुंचे थे कि सड़क पर बने ब्रेकर पर बाइक उछली और पीछे बैठी अनिता चलती बाइक से गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे आनन-फानन में इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका तीन लड़कों की मां थी।