अतरौलिया। थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर पेट्रोल पंप के पास रविवार की देर रात छुट्टा पशु से टकरा कर बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। दोनों को अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे की हालत गंभीर देखते हुए उसे हॉयर सेंटर रेफर कर दिया गया।
महराजगंज थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव निवासी दिनेश (27) अपने चचेरे भाई राजू कुमार (22) के साथ बाइक से रविवार को किसी काम के लिए अंबेडकरनगर जिले के बसखारी बाजार गया था। देर रात दोनों भाई वापस घर लौट रहे थे। अतरौलिया थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर पेट्रोल पंप के पास पहुंचे ही थे कि सड़क पर घूम रहे छुट्टा मवेशी से बाइक की टक्कर हो गई।
हादसे में दिनेश व राजू गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर अतरौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस से अतरौलिया में अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने दिनेश को मृत लाया घोषित कर दिया। घायल राजू की हालत गंभीर देखते हुए उसे हॉयर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। दिनेश के दो पुत्र हैं।
अनियंत्रित आटो पलटा, एक घायल : बलरामपुर। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के बासूपार बनकट गांव निवासी कमला (55) रविवार की शाम कहीं से फल लेकर आटो से घर लौट रहा था। गांव के पास ही आटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कमला गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संवाद