अतरौलिया। थाना क्षेत्र के मदियापार मोड़ पर शुक्रवार को बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार वृद्ध की मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी गंभीर रुप से घायल हो गईं। पुलिस ने घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। पंचनामे के बाद शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
अतरौलिया कस्बा निवासी ओम प्रकाश मोदनवाल (60) अपनी पत्नी प्रमिला देवी (55) के साथ बाइक से कहीं रिश्तेदारी में गए थे। शुक्रवार को दंपती बाइक से ही वापस घर लौट रहा था। अभी वे मदियापार मोड़ पर ही पहुंचे थे कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में दंपती गंभीर रुप से घायल हो गए। जब तक उन्हें अस्पताल भेजने की व्यवस्था होती तब तक ओमप्रकाश की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची अतरौलिया थाना पुलिस ने घायल प्रमिला को स्थानीय अस्पताल भेजवाया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं मृतक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। हादसे से परिवारीजनों में कोहराम मच गया है।