आजमगढ़। लोकसभा चुनाव के मतदान की पूर्व संध्या पर प्रत्याशी हर मतदाता तक पहुंचने की जुगत में जुटे रहे। उनके द्वारा हर मतदाता के दरवाजे पर दस्तक देने की पूरी कोशिश की। देर रात तक प्रत्याशियों का मतदाताओं के पास पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव के लिए मतदान का कार्य बृहस्पतिवार को होना है। बुधवार को चुनाव प्रचार का अंतिम दिन होने के कारण प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। प्रत्याशियों ने इस दौरान पूरे दिन मतदाताओं के दरवाजे-दरवाजे दस्तक देकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की पूरी कोशिश की। हर प्रत्याशी हर मतदाता तक अपनी पहुंच बनाने बनाने में जुटा रहा। सुबह से शुरू हुआ यह सिलासिला देर रात तक चलता रहा। प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए जुटे रहे। बसपा प्रत्याशी शाह आलम गुड्डू जमाली जहां अपने समर्थकों के साथ अंतिम दिन पूरा जोर लगाए हुए थे। वहीं सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव भी समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ हर मतदाता तक अपनी पकड़ बनाने में मशगूल रहे। वहीं उनके पार्टी के नेता और पदाधिकारी दूसरी तरफ मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने में जुटे रहे। वहीं भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ भी पार्टी कार्यकर्ताओं संग गलियों की खाक छानते रहे। देर रात तक प्रत्याशियों ने लोगों ने जन संपर्क किया। हर कोई अपनी जीत का दावा करता नजर आया।