बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी की तरफ से आयोजित बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा गुरुवार को जिले के 40 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। बुधवार को प्रशासन ने परीक्षा से संबंधित सारी तैयारियां पूरी कर लीं। प्रभारी डीआईओएस मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि कुल 40 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:00 से 12 और दूसरी पाली की परीक्षा अपराहन 2:00 से 5:00 के बीच आयोजित की जाएगी। हर परीक्षा केंद्र पर एक-एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। परीक्षा की शुचिता को ध्यान में रखते हुए केंद्रों को चार सेक्टर में बांटा गया है। 4 जोनल मजिस्ट्रेट परीक्षा की निगरानी करेंगे। विश्वविद्यालय के दिशा निर्देशों के मुताबिक परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। परीक्षा में कुल 17922 परीक्षार्थी शामिल होंगे।