बाहुबली विधायक रमाकांत यादव व माफिया मुख्तार अंसारी की बृहस्पतिवार को वीडियो क्रांफ्रेंसिंग से कोर्ट में पेशी हुई। रमाकांत को 26 जुलाई तो मुख्तार अंसारी को पेशी के लिए तीन अगस्त की तारीख मिली है। रमाकांत यादव की पेशी एमपी एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट में जज अशोक कुमार के समक्ष हुई। कुल तीन मामलाें में रमाकांत की फतेहगढ़ जेल से वीसी से पेशी हुई। तीन मामले में एक पवई थाने का था। चक्काजाम के मामले में रमाकांत के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत है। दो मामले तहबरपुर थाने के हैं। जिसमें एक चक्काजाम तो दूसरा आचार संहिता उल्लंघन से जुड़ा था। आचार संहिता उल्लंघन मामले में गवाह तेज बहादुर सिंह की गवाही हुई। तीनों मामलों में जज ने 26 जुलाई की तिथि नियत की। माफिया मुख्तार अंसारी की पेशी एमपी एमएलए कोर्ट में जज ओम प्रकाश वर्मा की अदालत में हुई। तरवां के एराकला में हुए मजदूर हत्याकांड में लगे गैंगस्टर के मुकदमे में मुख्तार की बांदा जेल से वीसी से पेशी हुई। मामले में अगली सुनवाई की तिथि तीन अगस्त निर्धारित की गई।