शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के मंदिरों में भोर से ही शिवालयों में बाबा के पूजन-अर्चन का सिलसिला शुरू हो गया। यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। श्रद्धालुओं ने धूप-दीप, भांग-धतूरा, बेलपत्र आदि चढ़ाकर बाबा का जलाभिषेक किया और बाबा का पूजन अर्चन कर परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की।
नगर से सटे बाबा भंवरनाथ मंदिर, महराजगंज स्थित भैरोबाबा मंदिर, निजामाबाद स्थित पातालनाथ मंदिर, रामगढ़ स्थित पातालपुरी महादेव मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में भोर से ही भक्तों की भीड़ लगी थी। मंदिर के अंदर से लेकर बाहर तक श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी हुई थी। सुरक्षा की दृष्टि से अंदर और बाहर पुलिस बल की तैनाती गई थी।
काफी संख्या में बाबा भंवरनाथ मंदिर पहुंचे कांवरियों ने भी बाबा का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने बाबा को भांग, धतूर, पुष्प, बेलपत्र आदि चढ़ाकर मत्था टेका। बोल बम के जयकारे से पूरा क्षेत्र गूंज रहा था।
मेजवां : फूलपुर नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। मंदिर जयकारों से गूंजायमान रहे। श्रद्धालुओं ने दूध, दही, शहद, जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। नगर के शंकर तिराहा, शंकर गली, नागा बाबा, परमहंस कुटी रोड स्थित शिव मंदिर सहित पौराणिक स्थल दुर्वासा और मुंडेश्वर नाथ मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालू बाबा का दर्शन पूजन करने में जुटे थे। श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का बेलपत्र, फल, दूध, दही, शहद, घी और शुद्ध जल से जलाभिषेक किया।
रानी की सराय : क्षेत्र के शिवालयों में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। आवंक स्थित अवंतिकापुरी धाम पर श्रद्धालुओं का तांता दर्शन के लिए लगा रहा। बोल बम एवं हर-हर महादेव के नारे से पूरा क्षेत्र गूंज रहा था। भक्तों ने बाबा का जलाभिषेक किया। इस दौरान रानी पोखरा, निजामाबाद मोड़, सैयदवारा स्थित शिवमंदिर में दर्शन-पूजन होता रहा।