जिले में महाशिवरात्रि का पर्व शनिवार को मनाया जाएगा। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में स्थित बाबा के शिवालय सज गए हैं। जगह-जगह शिव बरात निकालने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार की सुबह से ही शिवालयों में भक्तों का रेला उमड़ेगा।
रानी की सराय: महाशिवरात्रि पर्व को लेकर कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित शिवालयों को आकर्षक ढंग से सजाने में भक्त जुटे रहे। इस क्रम में रेलवे स्टेशन मोड़ से गाजे-बाजे के साथ शिव बरात निकाली जाएगी। उधर बाजारों में बेलपत्र, धतूरा, दूध, दही, भांग आदि पूजन-अर्चन की दुकानें सज गईं हैं। अवंतिकापुरी धाम पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने एक दिन पूर्व ही बैठक कर रणनीति तैयार कर ली है। महाशिवरात्रि पर्व पर हजारों की संख्या में उमड़ने वाले भक्तों के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इसके अलावा शंकरपुर चेकपोस्ट, दिलौरी, फरिहां, सैय्दवारा, रानी की सराय कस्बा स्थित शिवमंदिर, रानी पोखरा स्थित मंदिर को झालरों से सजाया जा रहा है।
मेंहनगर: कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्रों में महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियां पूरी हो गई हैं। कस्बे में निरंजन कुटी, लखरांव पोखरा में नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक अशोक दुबे के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों ने साफ-सफाई की। वहीं कस्बे का व्यापारी वर्ग हर वर्ष की भांति शिव बरात निकाले जाने के लिए रूट चार्ट के साथ स्थानीय थाना प्रभारी और एसडीएम मेंहनगर को आवेदन देकर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किए जाने का निवेदन किया है। वहीं, गौरा गांव स्थित मंडलेश्वर धाम में महाशिवरात्रि पर्व पर लगने वाले मेले की तैयारियां जोरों पर है, यहां गांव के वालंटियर युवक शिव भक्तों की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी में जुटे रहे। यहां मेले के साथ-साथ लंगर, जलपान की व्यवस्था की जाती है। शिवालयों में तैयारियों के मद्देनजर क्षेत्र भ्रमण करते हुए एसडीएम मेंहनगर संत रंजन श्रीवास्तव और थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने देर शाम तक निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।
सगड़ी: तहसील क्षेत्र के रामगढ़ ब्रह्मौली स्थित बाबा पाताल नाथ मंदिर के प्रति श्रद्धालुओं की अगाध श्रद्धा है। यहां पर महाशिवरात्रि पर दूरदराज से श्रद्धालु जलाभिषेक करने आते हैं। महाशिवरात्रि पर मेला भी लगता है, जहां काफी संख्या में लोग आते हैं। मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए लंबी-लंबी कतारें लगती हैं। लोगों में मान्यता है कि यहां पर जो भी मन्नतें मानी जाती हैं, वह पूर्ण होती हैं। महाशिवरात्रि को लेकर मंदिर में सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।