आजमगढ़। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल की ओर से शहर के एसकेपी इंटर कालेज में आयोजित जनपदीय तीन दिवसीय युवा नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर का शुभारम्भ रविवार को डीएम एनपी सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर 22 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें युवक मंगल दल के सदस्यों को सरकार के विभिन्न विभागों की योजनाओं के बारे में बताया गया। डीएम ने युवक मंगल दल के सदस्यों का परिचय प्राप्त किया। कहा कि आज समाज में योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थी को पूर्ण रूप से नहीं मिल पा रहा है। इसके लिए सरकार की ओर से चलायी जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का पूर्ण ज्ञान रखना होगा, तभी इसका लाभ पात्र व्यक्तियों को मिल सकता है। पात्र लाभार्थी को योजनाओं का लाभ मिलना अपना अधिकार समझने की जरूरत है। आज के युवा नौकरी को रोजगार मानते हैं। इस धारण से उपर उठना होगा। कोई भी कार्य छोटा नहीं है। किसी भी कार्य को लगन से किया जाए। जिलाधिकारी ने आजिविका मिशन, कौशल विकास मिशन, आरसेटी, मुद्रा लोन, कन्या सुमंगला योजना आदि के बारे में विस्तार से बताया। कहा कि खाद्यान्न वितरण निगरानी समिति के द्वारा कराई जाए। प्रशिक्षण के दौरान जो भी जानकारी हो उसे अपने गांव के लोगों को बताएं। कहा कि एक दीपक की तरह जलों, उसकी तरह चारों तरफ रोशनी फैलाएं। इस मौके पर उप निदेशक खेल मुद्रिका पाठक, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज मौर्या, प्रवक्ता पॉलिटेक्निक कुलभूषण सिंह ने योजनाओं की जानकारी दी। संचालन डा. राजेश सिंह ने किया एसकेपी इंटर कालेज के प्रचार्य नरेन्द्र सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी राजनेति सिंह, कैंप प्रभारी जगदीश प्रसाद यादव उपस्थित रहे।