आजमगढ़। कार्ड धारकों की शिकायत पर अजमतगढ़ ब्लाक के दो गांव और पल्हनी ब्लाक के एक गांव के कोटेदार की पूर्ति निरीक्षकों से जांच कराई गई। जांच में तीनों कोटेदारों द्वारा 102.09 क्विंटल गेहूं और चावल की धांधली किए जाने की बात सामने आई। इस मामले में डीएम ने तीनों कोटेदारों के खिलाफ संबंधित थाने में केस दर्ज कराकर राशन की रिकवरी का निर्देश दिया है। जिन कोटेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया गया है। उसमें अजमतगढ़ ब्लाक के पूनापार गांव के कोटेदार कृपाशंकर, इसी ब्लाक के चंगईपुर गांव को कोटेदार कौशिल्या देवी और पल्हनी ब्लाक के आजमपुर गांव के कोटेदार रामदुलारे का नाम शामिल है। जिलापूर्ति अधिकारी देवमणि मिश्रा के मुताबिक इन तीनों गांव के कार्ड धारकों ने राशन की कालाबाजारी करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। पूनापार गांव के कोटेदार कृपाशंकर के यहां पूर्ति निरीक्षक सगड़ी रामप्रवेश ने जांच किया। इस दौरान पता चला कि कृपाशंकर अपने यहां से 11.29 क्विंटल गेहूं और चावल धांधली कर बेच दिया है। इसी प्रकार चंगईपुर गांव की जांच भी पूर्ति निरीक्षक रामप्रवेश ने किया। जांच के दौरान पता चला कि कोटेदार कौशिल्या देवी के स्टाक में 43.80 क्विंटल गेहूं और चावल होना चाहिए, लेकिन महज 15.50 क्विंटल ही गेहूं चावल मिला। शेष 28.30 क्विंटल गेहूं और चावल उसने बेच दिया। इसी प्रकार से पल्हनी ब्लाक के आजमपुर गांव का कोटेदार रामदुलारे है। उसके यहां पूर्ति निरीक्षक शिवशंकर से जांच कराई गई। इस दौरान पता चला कि रामदुलारे अपनी दुकान से 21.10 क्विंटल गेहूं और 25.90 क्विंटल चावल की कालाबाजारी कर दिया। डीएसओ ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने पर डीएम के यहां रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। डीएम ने तीनों कोटेदारों के खिलाफ केस दर्ज कराकर सरकारी राशनों के रिकवरी का निर्देश दिया है। डीएम के निर्देश पर बुधवार को पूनापार गांव के कोटेदार कृपाशंकर, चंगईपुर के कोटेदार कौशिल्या देवी के खिलाफ जीयनपुर कोतवाली और आजमपुर के कोटेदार रामदुलारे के खिलाफ कंधरापुर थाने में केस दर्ज कराई गई। पुलिस मामले की जांच कर रही।