आजमगढ़। पल्हना विकास खंड के इस्माईलपुर भरथीपुर गांव में विकास कार्यों में हुई धांधली की शिकायत जांच में सही पाई गई है। इस पर ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया गया। स्पष्टीकरण से संतुष्ट न होने पर सीडीओ ने सेक्रेटरी के निलंबन और ग्राम प्रधान के वित्तीय अधिकार सीज करने की संस्तुति डीएम से की है। वहीं सीडीओ के निर्देश पर डीपीआरओ श्रीकांत दर्वे ने सेक्रेटरी को निलंबित कर दिया। इस्माईलपुर भरथीपुर गांव निवासी रामशबद पुत्र संपत ने गांव में कराए गए विकास कार्यों में धांधली की शिकायत डीएम से की थी। डीएम के निर्देश पर सहायक अभियंता जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, तहसीलदार लालगंज और ग्रामीण विभाग के अवर अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग लालगंज द्वारा इस शिकायत की जांच की। जांच में गबन की पुष्टि होने पर उन्होंने अपनी रिपोर्ट तैयार कर सीडीओ को सौंपी। जिसमें ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी को दोषी ठहराया। इस रिपोर्ट के आधार पर दोनों को नोटिस जारी की गई। जिस पर इनके द्वारा प्रस्तुत किए गए स्पष्टीकरण से संतुष्ट न होने पर सीडीओ ने डीपीआरओ को सेक्रेटरी नागेंद्र प्रसाद को निलंबित करने का निर्देश दिया। वहीं ग्राम प्रधान के वित्तीय अधिकारी सीज करने की संस्तुति डीएम नागेंद्र प्रसाद सिंह से की। सीडीओ के निर्देश पर डीपीआरओ ने सेक्रेटरी नागेंद्र प्रसाद को निलंबित कर दिया लेकिन डीएम स्तर से ग्राम प्रधान के ऊपर कार्रवाई होनी शेष है। सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने बताया कि ग्राम प्रधानों के खिलाफ हुई शिकायतों के निस्तारण में तेजी आई है। जल्द ही अन्य दोषियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।