आजमगढ़। डीएम नागेंद्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बन्धु व स्वरोजगार बंधु की बैठक संपन्न हुई। जिसमें डीएम ने सफाई, मिनी औद्योगिक आस्थान, विद्युत सब्सिडी की समीक्षा किया। बैठक से अनुपस्थित सहायक आयुक्त हथकरघा से स्पष्टीकरण मांगा। हथकरघा विभाग के विद्युत सब्सिडी की समीक्षा में अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण प्रथम खंड ने बताया कि 3500 बुनकरों के सापेक्ष 402 बुनकरों को विद्युत सब्सिडी दी गयी है। जिस पर डीएम ने क्रास चेकिंग करने के लिए उपायुक्त उद्योग उद्योग को निर्देश दिया। अधिशासी अभियन्ता विद्युत वितरण खंड प्रथम को निर्देश दिया कि 402 बुनकरों की सूची उपायुक्त उद्योग को उपलब्ध कराएं। सहायक आयुक्त हथकरघा के अनुपस्थित मिलने पर डीएम ने स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। मिनी औद्योगिक आस्थान सुदनीपुर, फूलपुर की समीक्षा में फूलपुर के उद्यमियों द्वारा बताया गया कि आवंटित भूखंड के उपर बिजली के तार गए हैं, जिससे निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है। डीएम ने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिया कि तार को हटवाने के लिए कार्ययोजना बनाकर उपलब्ध कराएं। उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि शहर एवं औद्योगिक आस्थान की साफ-सफाई, आस-पास के जगहों के कूड़ा निस्तारण तथा नाली की साफ-सफाई के लिए ईओ नगर पालिका आजमगढ़ से समन्वय स्थापित करें। इस मौके पर सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला, उपायुक्त उद्योग प्रवीण कुमार मौर्य, उप श्रमायुक्त रोशन लाल, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम अरविंद कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।