रानी की सराय/फूलपुर। रानी की सराय थाने के अनौरा बाजार के पास शुक्रवार की दोपहर अनियंत्रित बाइक की टक्कर से साइकिल सवार दुकानदार की मौत हो गई। पुलिस ने उसकी लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी। वहीं फूलपुर कस्बे में रोडवेज के पास अनियंत्रित बाइक की टक्कर से समाचार पत्र विक्रेता घायल हो गया। उसे स्थानीय डाक्टर के यहां भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर बनी हुई है। दुकानदार मोबिन (55) पुत्र ओबली रानी की सराय थाने के अनौरा गांव का निवासी था। वह गांव के बाजार में गोमटी रखकर दुकान किया था। शुक्रवार की दोपहर मोबिन अपनी साइकिल से रानी की सराय बाजार सामान खरीदने जा रहा था। इस दौरान जैसे ही वह अनौरा बाजार के पास पहुंचा कि अनियंत्रित बाइक की टक्कर से घायल हो गया। घटना के बाद बाइक लेकर चालक फरार हो गया। लोग मोबिन को शहर में स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां परीक्षण कर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मोबिन चार बेटी और एक बेटे का पिता था। इसीक्रम में फूलपुर कस्बे निवासी बाबूराम यादव (45) पुत्र रामप्रसाद अखबार बांटने का काम करता है। वह शुक्रवार की सुबह साइकिल से अखबार बांट रहा था। फूलपुर रोडवेज के पास अनियंत्रित बाइक की टक्कर से बाबूराम घायल हो गया। उसे स्थानीय डाक्टर के यहां भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर बनी हुई है।