आजमगढ़। एनआरसी और सीएए को लेकर हो रहे हिंसक विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए मदरसों में भी अवकाश करा दिया गया है। बाहर के बच्चों को घर भेज दिया गया है। हालांकि मदरसा संचालकों की ओर से ठंड के अवकाश की बात कही जा रही है। नागरिकता संशोधन कानून और सीएए को लेकर सूबे के कई जनपदों में हिंसक विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। हालांकि जनपद में अभी तक मुबारकपुर को छोड़ दें तो कहीं भी प्रदर्शन और विरोध ने हिंसक स्वरूप नहीं लिया है। फिर भी जिला प्रशासन ऐहतियातन कड़े कदम उठा रहा हैं। हिंसक प्रदर्शनों में युवाओं की भागीदारी ज्यादा देखते हुए जिला प्रशासन का प्रयास है कि युवाओं की भीड़ एकत्र नहीं होने दी जाए। इसी क्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्र में चल रहे आवासीय मदरसों सरायमीर के बैतुल उलूम, मदरसातुल इस्लाह, फैजुल उलूम, मुबारकपुर के अलजामेतुल अशरफिया, जामिया अरबिया अहियाउल उलूम, जामिया सिद्दीक-ए-अकबर, जामिया सेराजुल उलूम, जामिया अरबिया मदरसा मजहरूल उलूम आदि में अवकाश करा दिया गया है। इन मदरसों बिहार, झारखंड और अन्य प्रदेशों के छात्र भी शिक्षा ग्रहण करते हैं। सभी को घर भेज दिया गया है।