आजमगढ़। शौचालय का प्रयोग कैसे किया जाये यह कोई नपा प्रशासन से पूछे। सार्वजनिक स्थलों पर लगाने के लिए आयी पोर्टेबल प्लास्टिक शौचालय का यहां नये अंदाज में इस्तेमाल हो रहा है। वह भी बखूबी नये अंदाज में इसका प्रयोग नपा परिसर में हो रहा है। पोर्टेबल शौचालय बतौर आलमारी यहां प्रयोग हो रहा है। शासन ने सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित कराने के लिए पूर्व में प्लास्टिक के पोर्टेबल शौचालय नपा को उपलब्ध कराया था। कई जगहों पर इसे उस वक्त लगाया भी गया और कुछ पीस बचे रह गये। इसी पोर्टेबल प्लास्टिक शौचालय का एक पीस अभी भी नपा परिसर की शोभा को बढ़ा रहा है। नपा प्रशासन बकायदा इस पोर्टेबल शौचालय को सफाई कार्यालय में रखे हुए है और इसका इस्तेमाल शौचालय के रुप में न कर आलमारी के रुप में कर रहा है। नपा के सफाई कार्यालय के बाबू इस शौचालय में जरूरी कागजात रखते है। बकायदा इसमें ताला भी बंद किया जाता है, जिससे यह भी प्रमाणित होता है कि इसमें महत्वपूर्ण कागजात रखे है। शौचालय का ऐसा प्रयोग शायद ही कहीं होता नजर आ रहा हो। शुभनाथ प्रसाद, ईओ नगर पालिका परिषद, आजमगढ़ ने बताया कि मेरे संज्ञान में यह नहीं है, अभी कुछ व्यस्तता है। घाटों की सफाई कराने में जुटे है। बाद में इसे देखते है कि शौचालय का प्रयोग क्यों आलमारी के रुप में हो रहा है।