आजमगढ़ जिले के कोटवा स्थित कृषि महाविद्यालय के हॉस्टल में रहने वाले 60 से अधिक छात्र संदिग्ध बुखार की चपेट में है। कॉलेज प्रशासन पूरी घटना को छिपाए रखा।
यूपी के आजमगढ़ जिले के कोटवा स्थित कृषि महाविद्यालय के हॉस्टल में रहने वाले 60 से अधिक छात्र संदिग्ध बुखार की चपेट में है। दो दिनों से वो बीमार हैं मगर कॉलेज प्रशासन पूरी घटना को छिपाए रखा। सोमवार को 20 से ज्यादा बच्चों की तबीयत ज्यादा बिगड़ी तो उन्हें पीएचसी रानी की सराय भेजा गया। इसके बाद तो हड़कंप मच गया और स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम महाविद्यालय पहुंच गई। कैंप लगाकर हॉस्टल में रहने वाले सभी बच्चों की जांच शुरू कर दी गई।
विज्ञापन
महाविद्यालय के अधिष्ठाता धीरेंद्र कुमार सिंह के अनुसार महाशिवरात्रि पर शनिवार की देर रात तक छात्रों ने धमाचौकड़ी मचाई थी। इसके बाद से ही बच्चों में बुखार की शिकायत सामने आने लगी। इसकी सूचना पीएचसी को दे दी गई थी। सोमवार को 20 से ज्यादा छात्र पीएचसी रानी की सराय व पल्हनी पर इलाज के लिए भेजे गए।
हॉस्टल से बच्चे जब अस्पताल पहुंचे तो मामला खुल कर सामने आया। इसके बाद तो स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मच गया। आनन-फानन स्वास्थ्य विभाग की टीम महाविद्यालय पहुंच गई। परिसर में कैंप लगा कर एक-एक बच्चों की जांच कर उन्हें जरूरी दवाएं व सलाह दिया गया।
पीएचसी रानी की सराय के अधीक्षक डॉ. मनीष त्रिपाठी के अनुसार सभी बच्चों में जुकाम और बुखार के लक्षण हैं। संक्रमण न फैले इसके लिए दो टीम भेज कर सभी की जांच करा कर जरूरी दवाएं दी जा रही है।