आजमगढ़। कोरोना वायरस के खौफ से लोग घरों में बैठने को मजबूर हो गए हैं। गर्मी के दिनों में आमूमन लोग पर्यटन के ख्याल से घर से निकलते थे, लेकिन बच्चों की छुट्टियां होने के बावजूद लंबी दूरी की यात्रा से बच रहे है। अभी तक इतिहास में यह पहली बार देखा जा रहा है कि ट्रेन से यात्रा करने की मारामारी नहीं है। आज का समय यह है कि जिन ट्रेनों में कन्फर्म टिकट के लिए लोग परेशान रहते थे आज उनमे अगले 15 से 20 दिन में कन्फर्म टिकट पा जा रहे हैं। आजमगढ़ स्टेशन से होकर मुंबई व दिल्ली को जाने वाली ट्रेनों में भीड़ न के बराबर है। वहीं वापस लौटने वालों की भीड़ अधिक है। रेल विभाग और ट्रेन चलाने की तैयारी में तो है, लेकिन यात्रा करने वालों का कोटा देखकर संभव है कि कम ही ट्रेन पटरी पर उतरे। क्योंकि ना तो लोग पर्यटन स्थल, धार्मिक स्थल और ना ही छुट्टियां बीताने के लिए अन्य प्रदेश जाने को तैयार है। हां इतना जरूर है कि जिसे काफी आवश्यकता है वहीं ट्रेनों से यात्रा कर रहे है।