बलरामपुर। मंडलीय जिला चिकित्सालय अक्सर किसी न किसी वजह से चर्चा में बना रहता है। अब एक चिकित्सक का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें चिकित्सक द्वारा कमीशन को लेकर बात की जा रही है। वहीं प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक द्वारा मामले में जांचकर कार्रवाई करने की बात कही जा रही है।
सोमवार को मंडलीय जिला चिकित्सालय के एक चिकित्सक का ऑडियो वायरल हो गया। जिसमें चिकित्सक द्वारा किसी व्यक्ति से पैसे के लेनदेन को लेकर बहस की जा रही है। उसके द्वारा कहा जा रहा है यहां जितने भी ऑपरेशन होते हैं उसका 500 रुपये प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को भी जाता है। मामले में प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. आमोद कुमार ने कहा कि उन्हें मालूम है कि यह आवाज किस चिकित्सक की है। इसकी जांच कराएंगे, जांच में अगर उक्त चिकित्सक दोषी मिला तो कार्रवाई की जाएगी।