आजमगढ़। अधिवक्ता संगठनों ने शुक्रवार को बैठक की। इस दौरान दीवानी बार के अधिवक्ता संजीव राय पर हुए हमले में शामिल हमलावरों को गिरफ्तार करने और कलेक्ट्रेट बार के पूर्व मंत्री दिग्विजय सिंह पर दर्ज फर्जी मुकदमे को निरस्त करने की मांग की। विरोध स्वरूप अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य नहीं किया। सेंट्रल बार एसोसिएशन के अधिवक्ता सदस्यों की बैठक अध्यक्ष प्यारेमोहन श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई। संजीव राय पर हुए प्राण घातक हमले के आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने और दी डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व मंत्री दिग्विजय सिंह और उनके परिवार के विरुद्ध फर्जी मुकदमे दर्ज किए जाने का विरोध करते हुए निंदा की गई। हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनको गिरफ्तार करने और फर्जी मुकदमा निरस्त किए जाने की मांग की। संचालन संघ के मंत्री नरेंद्र सिंह ने किया। दी डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ता सदस्यों ने भी अध्यक्ष रणविजय यादव की अध्यक्षता में बैठक की। इसमें संजीव राय के हमलावरों को गिरफ्तार किए जाने की अविलंब मांग की गई। संचालन संघ के मंत्री बालकेश्वर त्रिपाठी एडवोकेट ने किया।