अटल आवासीय स्कूल में प्रवेश के लिए परीक्षा रविवार को आजमगढ़ मंडल के तीनों जिले में स्थित राजकीय इंटर कालेज में होगी। जिसमें कुल 336 बच्चे शामिल होंगे। परीक्षा दिन में 11 बजे से दोपहर दो बजे तक होगी। परीक्षा में मेरिट के आधार पर बच्चों को दाखिला मिलेगा। इसके बाद उन्हें नि:शुल्क शिक्षा मिलेगी।
मंडल के तीनों जिलों के निर्माण श्रमिकों के बच्चों को जिले के गंभीरवन में संचालित अटल आवासीय स्कूल में प्रवेश मिलेगा। नवोदय की तर्ज पर कक्षा छह से 12वीं तक आवासीय शिक्षा देने के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन 11 जून को तीनों जिलों में होगी। जिसमें कुल 336 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा से मेरिट के आधार पर 80 छात्रों को स्कूल में प्रवेश मिलेगा। परीक्षा 11 जून को राजकीय बालिका इंटर कालेज आजमगढ़ में होगी जिसमें 132 बच्चे परीक्षा देंगे। इसके अलावा बलिया के राजकीय इंटर काॅलेज में 120 छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। वहीं मऊ के राजकीय इंटर कालेज में 84 छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। श्रम प्रवर्तन अधिकारी शशिकांत पांडेय ने बताया कि तीनों जिले में परीक्षा की तैयारी कर ली गई है। ऐसे में तीनों जिलों में परीक्षा के बाद मेरिट के आधार पर चयन होगा। उन्होंने बताया कि प्रवेश परीक्षा में कुल 80 वस्तुनिष्ठ प्रकार के प्रश्न आएंगे। जिसमें 40 प्रश्न मानसिक क्षमता परीक्षण, 20 प्रश्न गणित व 20 प्रश्न भाषा परीक्षण के होंगे।