सगड़ी। जीयनपुर के चुनुगपार स्थित हजरत लद्दा शाह के दो दिवसीय सालाना उर्स मेले में मंगलवार को हजारों की संख्या में जायरीन पहुंचे। प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा बिहार, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने मजार पर चादरपोशी कर अमन-चैन, सुख-समृद्धि और खुशहाली की दुआ मांगी। पूरी रात मजार परिसर में इबादत, दुआखानी और कव्वाली का दौर चलता रहा। मेले में मुगलिया पराठा, शाही हलवा, खस्ता पापड़ी, विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के साथ मीना बाजार, कृषि यंत्र और अन्य घरेलू सामान लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। मेले में बच्चों और महिलाओं के मनोरंजन के लिए कई प्रकार के झूले लगाए गए, जिनका लोगों ने देर रात तक आनंद लिया। उर्स कमेटी की ओर से आयोजित कव्वाली में आए कव्वालों ने सूफियाना कलाम पेश करके श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। रंग-बिरंगी रोशनी से सजा मजार परिसर पूरी रात जगमगाता रहा। मेले में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। नगर पंचायत अध्यक्ष पुरुषोत्तम यादव की ओर से मेले में सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था कराई गई। इस दौरान सतीश सोनकर, फैयाज अहमद आदि रहे।