जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर अपनी मागों को लेकर प्रदर्शन करती आशा बहु।
- फोटो : AZAMGARH
आशा बहुओं ने विभिन्न मांगों के समर्थन में बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया। उनका कहना था कि उनका शोषण किया जा रहा है, जिसे अब नहीं सहा जाएगा। चेतावनी दी कि यदि हमारी मांगे पूरी नहीं हुई तो हम जान देने को बाध्य होंगे। जिले के सभी ब्लाकों से आई बड़ी संख्या में आशा-बहुओं ने आरोप लगाया कि अधिकारी उनका शोषण कर रहे हैं। जिसके चलते उनको को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। डीएम ऑफिस की चारों तरफ से सड़क को घेरकर आशा बहुएं प्रदर्शन करने लगीं तो अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। बड़ी संख्या में पुलिस व प्रशासन के अधिकारी जमा हो गए पर वे अड़ी रहीं। जिले में आशा-बहुओं की संख्या 4000 से अधिक है। अध्यक्ष संध्या सिंह का कहना है कि अधिकारी उनका शोषण कर रहे हैं। समय से मानदेय नहीं मिल रहा है। 1250 रुपये मानदेय है, जिसमें से 600 से 700 रुपये पकड़ाया जा रहा है। सात महीने से तो वह भी नहीं मिला है। हम लोगों की लड़ाई अधिकारियों के साथ सरकार से भी है। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि यदि आज न्याय नहीं मिलता तो हम लोग आत्मदाह के लिए बाध्य होंगे। जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन व सरकार की होगी। कई बार हम लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया पर हर बार आश्वासन ही मिला। इस बार जब तक हम लोगों को न्याय नहीं मिल जाता हम लोग यहां से हटने वाले नहीं हैं। इस मौके पर जिलाध्यक्ष संध्या सिंह के साथ अन्य विकास खंडों से आई आशा बहुएं मौजूद रहीं।
जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर अपनी मागों को लेकर प्रदर्शन करती आशा बहु।- फोटो : AZAMGARH