निजामाबाद। साइबर ठगों ने फर्जी मोबाइल एप के जरिए एक युवती के खाते से 95 हजार रुपये उड़ा दिए। पीड़िता ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई है। निजामाबाद के फरहाबाद मोहल्ला निवासी शलिना गोड़ के बैंक खाते से साइबर ठगों ने दो किश्तों में 95 हजार रुपये निकाल लिए। ठगों ने पहले 50 हजार रुपये और फिर 45 हजार रुपये की रकम खाते से ट्रांसफर कर ली। पीड़िता शलिना ने बताया कि वह मोबाइल पर मीशो एप डाउनलोड कर रही थी। इसी दौरान सही एप की जगह एक फर्जी एप डाउनलोड हो गया। एप डाउनलोड करने के बाद साइबर ठगों ने उसके खाते से दो बार में 95 हजार रुपये निकाल लिए। खाते से रकम कटने की जानकारी होने पर उसने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।