आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के उद्योग की रीढ़ सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) हैं। इसकी ताकत सरकार द्वारा शुरू की गई एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना बन चुकी है। पुलिस लाइन में मंगलवार को वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट गैलरी का उद्घाटन एसपी अनुराग आर्य ने किया। इसमें प्रदेश के 26 जनपदों की कलाकृतियां देखने को मिलेगी। यहां आने वाले लोग कारोबारियों के हुनर से रूबरू होंगे।
पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि प्रदेश में सबसे पहले आजमगढ़ के पुलिस लाइन के सभागार में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट गैलरी बनाया गया है। बताया कि आजमगढ़ जनपद की काली मिट्टी के बर्तन, रेशमी साड़ी, अलीगढ़ का ताला, भदोही की कालीन, बुलंदशहर के सिरामिक, एटा की घंटी, हमीरपुर की जूती, जौनपुर की उनी दरी, कुशीनगर का केला रेशा उत्पाद, पीलीभीत की बासुरी, संतकबीर नगर की टेक्सटाइल, गोरखपुर का टेरा कोटा व कलश, बिजनौर की कास्ट कला, वाराणसी की बनारसी सड़ी, गाजीपुर का जूट वाल हैंगिग, लखनऊ की चिकनकरी, चंदौली की जरी-जरदोजी, फिरोजाबाद का कांच उत्पाद, बहराईच का गेहूं डंठल उत्पाद, मैनपुरा की तारकशी, प्रयागराज का मूंज उत्पाद, कानपुर देहात का एल्युमीनियम बर्तन उत्पाद, मेरठ का खेल सामाग्री, झांसी का साफ्ट ट्वायज, मुरादाबाद का धातु शिल्प, चित्रकूट का लकड़ी का खिलौना व सोनभद्र का कालीन शामिल है। एसपी ने कहा कि आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद की काली मिट्टी के बर्तन व मुबारकपुर की रेशमी साड़ी को वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के चयन किया गया है।