अतरौलिया। प्रदेश के पंचायती राज मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने गुरुवार को अतरौलिया निरीक्षण भवन में आयोजित जनसुनवाई के दौरान विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का एंटी पेपर लीक कानून युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। बताया कि नए कानून के तहत पेपर लीक जैसे मामलों में 10 करोड़ रुपये का जुर्माना, 10 साल तक की सजा तथा फास्ट ट्रैक कोर्ट में तीन महीने के भीतर सुनवाई पूरी करने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे परीक्षा माफिया में भय पैदा होगा। भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष बनेगी। विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में भर्ती परीक्षाओं में धांधली आम बात थी, जबकि वर्तमान सरकार ऐसी प्रवृत्तियों पर कठोर कार्रवाई कर रही है। समाजवादी पार्टी के पीडीए अभियान पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा केवल जातिवाद राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि गैर-यादव पिछड़ी जातियों के साथ हुई घटनाओं में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल कभी पीड़ित परिवारों से मिलने नहीं पहुंचा। जनसुनवाई के दौरान मंत्री ने क्षेत्रीय लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।