आजमगढ़। जीयनपुर पुलिस ने प्रधानाध्यापक हत्याकांड के दूसरे नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि इससे पहले एक नामजद आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है। घटना में पुलिस ने तीन लोगों पर नामजद मुकदमा दर्ज किया था। एक आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। एक दिसंबर को प्रधानाध्यापक संजय यादव को बदमाशों ने गोली मारी थी। ईलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मेवालाल यादव, विरेंद्र यादव उर्फ डबलू यादव और बृजेश यादव उर्फ बिस्सू निवासी कसड़ा आईमा थाना जीयनपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। जिसमें दो दिसंबर को अभियुक्त मेवालाल को गिरफ्तार किया गया था। रविवार को प्रभारी निरीक्षक जीयनपुर यादवेंद्र पांडेय ने दूसरे अभियुक्त बृजेश यादव उर्फ बिस्सू को मुबारकपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। जबकि मामले में नामजद तीसरा आरोपी विरेंद्र यादव उर्फ डबलू यादव पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।