हरिऔध कला केंद्र में सरस्वती शिशु मंदिर के वार्षिकोत्सव में नृत्य प्रस्तुत करते बच्चे। संवाद
आजमगढ़ सिविल लाइंस स्थित सरस्वती शिशु मंदिर का वार्षिकोत्सव शुक्रवार को नगर स्थित हरिऔध कला केंद्र सभागार में धूमधाम से मना। कार्यक्रम में नर्सरी से लेकर कक्षा आठ तक के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शुभारंभ मुख्य अतिथि एडीएम एफआर गंभीर सिंह ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य धनंजय पांडेय के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने घोषनाद के साथ अतिथियों का स्वागत किया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसके पश्चात सरस्वती, गणेश वंदना एवं स्वागत गीत के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शृंखला प्रारंभ हुई। विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति विषय पर आधारित रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य, गायन, वादन तथा नाट्य प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शबरी प्रसंग, अनपढ़ नेता, बिहार नृत्य, एकलव्य प्रसंग एवं होली गीत विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की। प्रधानाचार्य धनंजय पांडेय ने कहा कि वार्षिकोत्सव विद्यालय की प्रगति का दर्पण होता है और इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में एकता, अनुशासन एवं आत्मविश्वास का विकास करते हैं। इस अवसर पर कार्यक्रम अध्यक्ष अवध नारायण मिश्र, विभाग प्रचारक दीनानाथ, प्रदेश निरीक्षक शिशु शिक्षा समिति गोरक्ष प्रांत राम सिंह, संभाग निरीक्षक कन्हैया चौबे आदि उपस्थित रहे। अंत में संचालन वरिष्ठ आचार्या रीना ने किया।