दीदारगंज क्षेत्र में खेतापट्टी से कैथौली तक खस्ताहाल सड़क का निर्माण न होने से गुस्साएं ग्रामीणों ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क का निर्माण न हुआ तो वे वृहद आंदोलन को बाध्य होंगे। बताते चलें कि फूलपुर तहसील क्षेत्र के संग्रामपुर दीदारगंज पुरानी बाजार बाईपास रोड से निकला खेतापट्टी कैथौली वाया फत्तेपुर बेला मार्ग की दूरी लगभग छह किमी है,उक्त सड़क पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो गई है। सड़क में बड़े-बड़े गड्ढ़े हैं, जिसके कारण आए दिन इस मार्ग पर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। अब तक दर्जनों लोग अपना हाथ-पैर तुड़वा चुके हैं। लोगों ने कई बार इस मार्ग के निर्माण के लिए अधिकारियों से गुहार लगाई। लेकिन सुनवाई न होने पर गुरुवार को ग्रामीणों ने खेतापट्टी निवासी भाजपा जिला लालगंज कार्यसमिति के सदस्य इंद्रपति सेवक की अगुवाई में उक्त मार्ग पर प्रदर्शन किया और विरोध में जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्या का निराकरण न हुआ तो वे बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।