थाना क्षेत्र के चौकी गांव में मंगलवार शाम मोबाइल न मिलने से नाराज 12 वर्षीय किशोर ने फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन और आसपास के लोगों ने उसे तत्काल फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चौकी गांव निवासी आयुष कुमार (12) पुत्र विजय राम मंगलवार शाम घर के रसोईघर में फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि वह मोबाइल फोन न मिलने से नाराज था। कुछ देर बाद उसकी बहन की नजर उस पर पड़ी तो उसने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किशोर को फंदे से उतारकर चौकी मोड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिवार वालों का दावा है कि जब परिजन शव लेकर घर पहुंचे तो आयुष ने अचानक आंखें खोलीं और थोड़ा पानी भी पिया। यह देख परिजन उसे तत्काल बेहतर इलाज के लिए जौनपुर लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार घटना के समय आयुष की मां रीना खेत पर गई थीं और मोबाइल फोन अपने साथ ले गई थीं। इसी बात से नाराज होकर घर में अकेले मौजूद आयुष ने यह कदम उठा लिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। आयुष के पिता विजय राम सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। परिवार पहले से ही एक बड़े सदमे से गुजर रहा था, क्योंकि कुछ वर्ष पूर्व आयुष के बड़े भाई की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी थी। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि परिजन पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर रहे हैं। प्रथम दृष्टया मामला प्रतीत होता है कि किशाेर मोबाइल न मिलने से नाराज होकर यह आत्मघाती कदम उठाया। मामले की जांच की जा रही है।