स्वर्ण पदक जीतने वाले आनंद का स्वागत करते लोग। संवाद
आजमगढ़। टहर किशुनदेवपुर के रहने वाले एथलीट आनंद सिंह ने चीन में आयोजित एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश-प्रदेश का मान बढ़ाया है। बृहस्पतिवार को गृह जनपद आजमगढ़ लौटने पर उनका स्वागत किया गया। घर पहुंचने पर आनंद ने अपने पिता अमरजीत सिंह के पैर छूकर आशीर्वाद लिए। रोटरी क्लब अध्यक्ष श्रेय अग्रवाल, भाजपा नेता रित्विक जायसवाल, मनीष यादव, एथलेटिक्स संघ के संयुक्त सचिव मुजम्मिल खान ने उनका अभिनंदन किया। आनंद सिंह ने अपनी सफलता पर खुशी जताई। कहा कि भाला फेंकने की प्रेरणा उन्हें कप्तानगंज इंटर कॉलेज में पढ़ाई के दौरान मिली थी। उन्होंने सफलता का श्रेय परिजनों, गुरुजनों, मित्रों और सभी शुभचिंतकों को दिया। सरकार से उन्होेंने मांग की है कि आजमगढ़ को सभी आधुनिक सुविधायुक्त एक खेल मैदान मिले। इससे खिलाड़ी अपने जिले में तैयारी करेंगे और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का परचम लहराएंगे।