चीन में स्वर्ण पदक जीतने के बाद तिरंगा फहराते आनंद सिंह। श्रोत-स्वयं
- फोटो : 1
आजमगढ़। एथलीट आनंद सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाया है। चीन के ओरडोस में 9 से 12 जुलाई तक आयोजित ''एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप'' में आनंद ने भाला फेंक स्पर्धा में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता है। यह उपलब्धि हासिल करने वाले आजमगढ़ के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के टहर किशुनदेवपुर निवासी अमरजीत सिंह के पुत्र आनंद सिंह ने प्रतियोगिता में 80.57 मीटर का थ्रो कर अपने कॅरिअर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। यह पहला मौका है जब आनंद ने 80 मीटर के आंकड़े को पार किया है। आनंद सिंह ने इस चैंपियनशिप में 77.68 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ प्रवेश किया था। यह प्रदर्शन उन्होंने 28 जून को भुवनेश्वर में आयोजित ''नेशनल इंटर-स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप'' में किया था, जहां वे चौथे स्थान पर रहे थे। इससे पहले, साल की शुरुआत में पटियाला में आयोजित ''इंडियन ओपन थ्रो प्रतियोगिता'' में भी उन्होंने 76.94 मीटर थ्रो कर दूसरा स्थान हासिल किया था। पिता अमरजीत सिंह ने बताया कि एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से चयनित 54 सदस्यीय भारतीय ट्रैक एंड फील्ड टीम का हिस्सा बनकर चीन पहुंचे। आनंद ने स्वर्ण पदक जीतकर देश और जनपद का नाम रोशन किया है।