हजरत इमाम हुसैन की शहादत के बाद लुटे हुए काफिले की याद में शुक्रवार को क्षेत्र के मित्तूपुर बाजार में सकीना बिनतुल हुसैन इमाम बारगाह से जुलूस-ए अमारी निकाला गया। अजादारों ने अमारियों की जियारत के बाद नौहा मातम कर शहीदाने कर्बला को खिराजे अकीदत पेश की। इससे पूर्व ही मजलिस में कर्बला के मसायब सुनकर अजादार रोते रहे।
जुलूस में अंजुमन ज़ुल्फेकरिया, अंजुमन सज्जदिया, अंजुमन हुसैनिया, अंजुमन रौनके इस्लाम, अंजुमन तबलीग अजा सहित दर्जन भर अंजुमनों ने नौहा मातम कर शहीदाने कर्बला को खिराजे अकीदत पेश की। जुलूस के साथ काफी संख्या में अजादार गम का लिबास पहन कर चल रहे थे। जुलूस बाजार में पहुंचा तो जियारत के लिए अजादारों की उमड़ पड़ी। जगह-जगह जनाबे सकीना की याद में शरबत और पीने के पानी का इंतजाम किया गया था। शाम को इमाम बारगाह में जुलूस का समापन किया गया। निजामत मिसम रामपुरी ने की तो संयोजक सरवर हुसैन ने अजादारों का शुक्रिया अदा किया।