कलेक्ट्रेट में बैठक को संबोधित करते डीएम विशाल भारद्वाज। संवाद
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने पूर्ति विभाग से ब्लॉक स्तर पर खाली पड़ी राशन की दुकानों को आवंटन करने का निर्देश दिया। उन्होंने बृहस्पतिवार की देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय योजनाओं व विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पूर्ति विभाग को निर्देश दिए कि बिलरियागंज, सठियांव, हरैया, महाराजगंज, कोयलासा, मार्टीनगंज एवं तहबरपुर आदि ब्लाकों में राशन की दुकानों का आवंटन कराएं। एक सप्ताह के अंदर प्रस्ताव बनाकर एक निश्चित तिथि को इसे पारित कराएं। जो दुकानें एसडीएम स्तर से लंबित है, उसे दो दिन के अंदर कराएं। सभी बीडीओ को निर्देश दिया कि कायाकल्प योजना के तहत अवशेष कार्यों को पूर्ण कराएं। हैंडपंप रिबोर, बाउंड्रीवाल, शौचालय, पानी की टंकी, टोंटी एवं टाइल्स आदि लगाने के कार्यों को भी जल्द पूरा कराना तय करें। जिलाधिकारी ने पंचायत भवनों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि पंचायत भवनों को क्रियाशील कराना सभी बीडीओ की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। डीपीआरओ को निर्देश दिया कि पूर्ण हो चुके पंचायत भवनों में स्टाफ, कुर्सी, फर्नीचर, कंप्यूटर एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कराते हुए उन्हें जल्द क्रियाशील करें। साथ ही सामुदायिक शौचालय का लगातार निरीक्षण करने को कहा। कहा कि यहां कर्मचारी नहीं मिलता है तो नोटिस जारी करें। सभी सामुदायिक शौचालय पर टोल फ्री नंबर 18001802396 प्रिंट कराएं। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्देश दिया कि तीन दिन के अंदर सभी गांवों में सफाई कर्मियों की तैनाती की जाए। इस दौरान सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला, एडीएम प्रशासन अनिल कुमार मिश्र, डीडीओ संजय कुमार सिंह, पीडी केके सिंह, डीपीआरओ अजय कुमार श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।