बरदह। विकास खंड ठेकमा के आंगनबाड़ी केंद्र ठेकमा में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की नियुक्ति में फर्जीवाड़े का आरोप लगा है। हालांकि अभी मामले की जांच चल रही है। शिकायतकर्ता विनय कुमार बिजौली की ओर से जन सूचना के तहत सीडीपीओ ठेकमा से सूचना मांगी गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि कार्यकर्ता की नियुक्ति 2010 में हुई थी। नियुक्ति के समय हाईस्कूल की मार्कशीट में कूटरचित कर जन्मतिथि 1989 दिखाई गई है, जबकि हाईस्कूल की मार्कशीट में उनकी जन्मतिथि 1990 है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की नियुक्ति फर्जी तरीके से होने का आरोप लगाया है क्योंकि, उस समय उनकी उम्र कम थी। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का विकलांग पेंशन क्षेत्र के सादीपुर के पते पर जारी हुआ है। अभिलेखों में कूटरचित कर इनका निवास प्रमाण पत्र ग्राम सभा ठेकमा का जारी कराया गया है। इसकी शिकायत सीएम और ब्लॉक की सीडीपीओ किया गया लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ब्लाॅक की सीडीपीओ सुशीला गुप्ता ने बताया कि जांच चल रही है। जांच करके जल्द से जल्द उचित कार्रवाई की जाएगी। डीपीओ हेमंत सिंह ने बताया कि मेरे संज्ञान में मामला आया है। बोर्ड ऑफिस में मार्कशीट को भेज कर उम्र का जांच करवाएंगे, जैसा भी रिपोर्ट बोर्ड ऑफिस का आएगा उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।