आजमगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने जादूगर के कार्यक्रम में काम दिलाने और मुनाफे में हिस्सेदारी देने के नाम पर 1 लाख 14 हजार रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन के निर्देश पर सिधारी थाना पुलिस ने तीन आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। जाफरपुर निवासी नन्दिनी सेठ ने बताया कि वह झांकी कार्यक्रमों में काम करती थी। बीते वर्ष फूलपुर रामलीला मैदान में चल रहे जादूगर शहंशाह के कार्यक्रम में काम दिलाने के नाम पर फूलपुर निवासी विशाल प्रजापति ने उसे बुलाया। वहां उसकी मुलाकात कार्यक्रम संचालक अमित प्रजापति निवासी गौरी श्रीराम, थाना विशुनपुरा (जनपद कुशीनगर) और सुनील कुमार बिन्द निवासी मिर्जापुर से हुई। एक दिन का 600 रुपये मेहनताना तय हुआ और 30 अक्टूबर 2025 से उसने कार्यक्रम में काम शुरू किया।पीड़िता का आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान दोनों आरोपियों ने मुनाफे में आधी हिस्सेदारी देने का लालच देकर उससे निवेश करने को कहा। विश्वास में आकर उसने अलग-अलग तिथियों में कुल 1,14,000 रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यम से दिए। 16 नवंबर 2025 को 80 हजार रुपये उसकी मां लक्ष्मी और शिवा राजपूत की मौजूदगी में दिए गए, जबकि शेष रकम किस्तों और ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए दी गई। फूलपुर के बाद कार्यक्रम मुगलसराय स्थित राज गार्डेन में भी चला। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब उसने अपनी रकम और मुनाफे की मांग की तो आरोपी टालमटोल करने लगे। आरोप है कि दबाव बनाने पर अमित प्रजापति ने कथित रूप से एक लिखित कागज पर एक लाख रुपये किश्तों में लौटाने की बात स्वीकार की, लेकिन अब तक कोई भुगतान नहीं किया। रुपये मांगने पर अब उनके द्वारा गाली गलौज करने के साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। थाना प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन महोदय के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है।