भीषण गर्मी के चलते मरीजों की संख्या में इजाफा होने से जिला अस्पताल के सभी बेड फुल हो गए हैं। ऐसे में और आने वाले मरीजों को मेडिकल काॅलेज रेफर किया जा रहा है। डायरिया, मलेरिया आदि के केस बहुतायत में अस्पताल पहुंचे रहे है। जिसके चलते ही अस्पताल की व्यवस्था चरमरा गई है। जिले में पारा 43 डिग्री सेल्सियस पार पहुंच गया है। जिसका परिणाम है कि लोग तेजी से बीमार पड़ रहे है। अधिकतर डायरिया व मलेरिया के मरीज इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंच रहे है। अस्पताल में भर्ती के लिए कुल 312 बेड है, जो पूरी तरह से फुल हो चुके हैं। इसके अलावा सर्जिकल व हादसों में घायल मरीजों का इलाज चल रहा है। ऐसे में अस्पताल प्रशासन अब स्वस्थ हो रहे मरीजों को छुट्टी देकर घर भेज रहा है। साथ ही नए आ रहे मरीजों को प्राथमिक इलाज के बाद राजकीय मेडिकल कालेज रेफर कर रहा है। जिला अस्पताल की प्रभारी एसआईसी डॉ. रीता दुबे ने बताया कि सर्जिकल व मेडिसिन के कुल 312 बेड अस्पताल में हैं। सभी भरे हुए है, जिसके चलते नए आने वाले मरीजों को भर्ती करने में दिक्कत हो रही है। छुट्टी देने लायक मरीजों को छोड़ा जा रहा है तो वहीं कुछ मरीजों को मेडिकल कालेज रेफर किया जा रहा है। ताकि नए आने वाले मरीजों को यहां भर्ती किया जा सके।